बांग्लादेश में कुर्बान होने वाला था ‘डोनल्ड ट्रंप’ भैंसा, बकरीद से चंद घंटे पहले रहमान सरकार ने रोकी कुर्बानी
बांग्लादेश में 'डोनल्ड ट्रंप' नाम के दुर्लभ अल्बिनो भैंसे को बकरीद पर कुर्बानी से बचा लिया गया है। सरकारी हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेज दिया है।

ढाका/एजेंसी। बांग्लादेश में ‘डोनल्ड ट्रंप’ के नाम से चर्चित दुर्लभ अल्बिनो भैंसे की अब कुर्बानी नहीं होगी। बांग्लादेश की रहमान सरकार के हस्तक्षेप पर पुलिस ने इस भैंसे को अपने कब्जे में ले लिया है। इस भैंसे को अब ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में रखा जाएगा।
हाल के दिनों में चर्चा में आने पर इंटरनेट मीडिया पर इसे लेकर बहुत दीवानगी देखी गई। इस भैंसे के सिर के सुनहरे बाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हेयरस्टाइल से मिलते-जुलते हैं। पुलिस ने बताया कि 700 किलोग्राम का यह भैंसा सरकारी निर्देश के बाद आधिकारिक संरक्षण में ले लिया गया। इसे कुछ घंटों बाद गुरुवार को बकरीद समारोह में कुर्बान किया जाना था।
भैंसे के मालिक मनीरुज जमान ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस उसके घर आई और कहा कि सरकार ने भैंसे को अपने संरक्षण में लेने का निर्णय लिया है। चूंकि हम किसी भी तरह का टकराव नहीं चाहते इसलिए हमने भैंसा पुलिस को सौंप दिया। जमान ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सरकार भैंसे के बदले मुआवजा देगी या एक मवेशी देगी।
किरानीगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी रुहुल कुद्दूस ने कहा कि पशुपालन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि भैंसा अभी भी युवा है और इसे कई और वर्षों तक पाला जा सकता है। राष्ट्रीय चिड़ियाघर के क्यूरेटर अतीकुर रहमान ने कहा कि इस भैंसे की उचित देखभाल की जाएगी और इसके लिए एक अलग शेड और देखभाल करने वाला तय कर दिया गया है।




