नोएडा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, नौतपा से पहले ही पारा 44 डिग्री पार

नोएडा भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नौतपा से पहले ही अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं, और खराब वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय है।

नोएडा। शहर में गर्मी अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। सूरज की तेज तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों का दिन में घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। नौतपा शुरू होने से पहले ही शहर भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में आ गया है। बृहस्पतिवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले दिनों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंचने की आशंका है। सुबह से ही तेज धूप और दोपहर में चल रही गर्म हवाओं के कारण सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।
गर्मी के साथ खराब हवा ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को नोएडा का औसत एक्यूआइ 272 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में रहा। सेक्टर-116 में एक्यूआइ 298 और सेक्टर-1 में 291 रिकार्ड किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआइ 314 पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। नॉलेज पार्क-5 में एक्यूआइ 294 दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और प्रदूषण के कारण सांस और एलर्जी, पेट, डी हाइड्रेशन से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं।
भीषण गर्मी का असर अब अस्पतालों में भी साफ दिखाई दे रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में डायरिया, डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर, कमजोरी और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डाक्टरों के मुताबिक बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, ओआरएस और तरल पदार्थ लेने, हल्का भोजन करने और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढकने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button