दिल्ली में चोरों के हौसले बुलंद, चांदनी चौक के प्राचीन मंदिर से शनि देव की अष्टधातु मूर्ति हुई चोरी
चांदनी चौक के 104 साल पुराने प्राचीन मंदिर से अष्टधातु की बेशकीमती शनि देव की मूर्ति चोरी हो गई है। देर रात दीवार फांदकर घुसे चोर की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

नई दिल्ली। चांदनी चौक इलाके में अंग्रेजों के जमाने से स्थित प्राचीन श्री शिव नव गृह मंदिर में लगी अष्टधातु की शनि देव की मूर्ती चोरी होने का मामला सामने आया है। एक चोर ने देर रात वारदात को अंजाम दिया। वह पहले दीवार फांदकर मंदिर परिसर में घुसा। इसके बाद मंदिर पर लगा तोड़कर अंदर घुसा और मूर्ती चुराकर ले गया। आरोपी कई जगह सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। फिलहाल मंदिर के पुजारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की छानबीन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-5 के पास प्राचीन श्री शिव नव गृह मंदिर है। मुकेश शर्मा मंदिर के पुजारी हैं। यह मंदिर साल 1920 से स्थापित है। 15 साल पहले यहां रीति रिवाज से शनि देव की मुर्ती स्थापित की गई थी। यह मुर्ती करीब एक लाख रुपये में मुरादाबाद से बनवाई थी, जो अष्टधातु की बनी थी।
अब भी उसकी चमक नई जैसी थी। लेकिन 11-12 मई की दरमियानी रात एक चोर मंदिर में घुसा और मुर्ती चोरी करके ले गया। कल सुबह मंदिर खुला तो चोरी का पता चला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और छानबीन के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बताया गया है कि आरोपी मंदिर और उसके आस पास लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है। वारदात रात करीब साढ़े 3 बजे के आसपास हुई। वह दीवार फांदकर मंदिर परिसर में आया था और फिर मंदिर का ताला तोड़कर मुर्ती को चोरी करके ले गया।




