नंद नगरी में बेलगाम टूरिस्ट बस का कहर: एक की मौत, पांच लोग गंभीर घायल

नंद नगरी में एक बेलगाम टूरिस्ट बस ने लालबत्ती पर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक फरार हो गया और गुस्साई भीड़ ने बस में तोड़फोड़ की, जिससे तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

उत्तर पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी इलाके में बुधवार रात एक अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने लालबत्ती पर खड़े वाहनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस ने कई वाहनों को रौंद दिया और लोगों को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इस भीषण दुर्घटना में विनीत नामक बाइक सवार की मौत हो गई, जिसका शव बस के नीचे से निकाला गया। वहीं, पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के कारण नंद नगरी से हर्ष विहार तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम क्रेन की मदद से बस को हटाने में जुटी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे उत्तर प्रदेश नंबर की एक टूरिस्ट बस भोपुरा बॉर्डर से होते हुए नंद नगरी फ्लाईओवर के रास्ते खजूरी की ओर जा रही थी। बस में यात्री भी सवार थे। फ्लाईओवर से उतरते ही बस चालक ने नियंत्रण खो दिया।
फ्लाईओवर से करीब 20 मीटर की दूरी पर पैदल यात्रियों के लिए बनी लालबत्ती पर कई वाहन खड़े थे। बस ने पीछे से इन वाहनों को टक्कर मारते हुए उन्हें कुछ दूरी तक घसीटा। इस दौरान दो बाइक बस के नीचे फंस गईं। बस ने तीन बाइक और एक कैब को भी टक्कर मारी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान चालक बस छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में पता चला है कि बस का पंजीकरण गाजियाबाद निवासी प्रशांत कुमार के नाम पर है। यह बस वर्ष 2014 में खरीदी गई थी।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हादसा ब्रेक फेल होने से हुआ या किसी अन्य कारण से, इसकी जांच की जा रही है। घायलों में रोहित और सूरज की पहचान हो चुकी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस कहां से कहां जा रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Back to top button