राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस करेगी मेगा जॉब फेयर, 150 से ज़्यादा कंपनियाँ होंगी शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस 19 जून को तालकटोरा स्टेडियम में बड़े स्तर पर महा रोज़गार मेला आयोजित करेगी, जिसमें 150 से अधिक कंपनियां और संस्थान हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन यूथ कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी संयुक्त रूप से करेंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और संगठन महासचिव अनिल भारद्वाज ने बताया कि यह मेला सुबह 10 बजे शुरू होगा और इसमें 10वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक के उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे। उम्मीदवार ऑनलाइन क्यूआर कोड के माध्यम से या मौके पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होगी और कंपनियां मौके पर इंटरव्यू लेकर चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर देंगी। साथ ही चयनित युवाओं को नौकरी जॉइन करने में किसी समस्या के समाधान के लिए एक महीने तक हेल्पलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने बेरोजगारी और परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मेला युवाओं के लिए नए अवसर और उम्मीद लेकर आएगा। पिछले वर्ष आयोजित मेले में हजारों युवाओं को रोजगार मिलने का दावा भी किया गया।

Related Articles

Back to top button