चोरी के वाहनों को मेवाती गिरोह तक पहुंचाने वाला नेटवर्क बेनकाब, छह आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने चोरी के वाहन मेवाती गिरोह तक पहुंचाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न अभियानों में 15 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए और 11 वाहन चोरी के मामले सुलझाए।

पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिला पुलिस ने चोरी के वाहनों को मेवात क्षेत्र में सक्रिय गिरोहों तक पहुंचाने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग अभियानों के दौरान पुलिस ने 15 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे 11 वाहन चोरी और एक आर्म्स एक्ट के मामले का खुलासा हुआ है।
उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में ईएसआई मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के पास गुप्त सूचना के आधार पर मोहम्मद सद्दाम और सूरज को चोरी की होंडा एक्टिवा सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर छह अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी के वाहन मेवाती गिरोहों तक पहुंचाते थे।
एक अन्य मामले में तिलक नगर थाना पुलिस ने कुख्यात वाहन चोर और घोषित बदमाश गुरप्रीत सिंह उर्फ लल्ली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि पूछताछ के दौरान उसके ठिकाने से एक अन्य मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी बरामद की गई।
मायापुरी थाना पुलिस ने छह जून को दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान रोहिणी के नाहरपुर एक्सटेंशन से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं, जो मायापुरी, मौर्य एन्क्लेव, शाहबाद डेयरी और जनकपुरी थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। वहीं, मदीपुर पुलिस चौकी की टीम ने झील पार्क के पास गश्त के दौरान राजीव गुप्ता को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में कई शातिर और आदतन अपराधी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनसे अन्य वारदातों और नेटवर्क से जुड़े रिसीवरों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।




