जापानी महिला यात्री का वीडियो वायरल, भारत के पांच शहरों को लेकर साझा किए व्यक्तिगत अनुभव

भारत में तीन महीने अकेले यात्रा करने वाली एक जापानी महिला ने वाराणसी को सबसे असुरक्षित शहर बताया, जहाँ उन्हें पीछा किए जाने का सामना करना पड़ा, हालांकि यह उनके पसंदीदा शहरों में से एक भी है। अपने वायरल वीडियो में उन्होंने मुंबई में यौन उत्पीड़न और रक्सौल में भेदभाव का भी जिक्र किया, जिससे भारत में महिला सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है।

नई दिल्ली/एजेंसी। पिछले कुछ हफ्तों से सोशल मीडिया पर विदेशों में भारतीय पर्यटकों के व्यवहार और भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के अनुभवों को लेकर चर्चा तेज है। इसी बीच जापान की एक महिला यात्री का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत यात्रा के दौरान अपने अनुभव साझा किए हैं और कुछ शहरों व क्षेत्रों को लेकर अपनी राय रखी है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार हन्ना नाम की जापानी महिला ने भारत में करीब तीन महीने तक अकेले यात्रा की। 10 जून को साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्हें भारत में कई अच्छे और मददगार लोग मिले, लेकिन कुछ स्थानों पर उन्हें असहज परिस्थितियों का भी सामना करना पड़ा, जिनमें पीछा किया जाना, यौन उत्पीड़न और असुरक्षा की भावना शामिल है।
हन्ना ने अपने अनुभवों के आधार पर पांच शहरों और क्षेत्रों की सूची तैयार की, जिसे उन्होंने पूरी तरह व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि हर यात्री का अनुभव अलग हो सकता है।
इस सूची में पांचवें स्थान पर असम का गुवाहाटी शहर रहा, जहां उन्होंने किसी गंभीर घटना का जिक्र नहीं किया, लेकिन अकेले घूमते समय अपेक्षाकृत कम सहज महसूस करने की बात कही। चौथे स्थान पर नई दिल्ली का नाम लिया, जहां तीन अलग-अलग यात्राओं के दौरान उनकी तबीयत खराब होने का अनुभव रहा। हालांकि उन्होंने किसी विशेष सुरक्षा घटना का उल्लेख नहीं किया।
तीसरे स्थान पर मुंबई को रखा गया, जिसे आमतौर पर सुरक्षित महानगरों में गिना जाता है। इसके बावजूद हन्ना ने यहां यौन उत्पीड़न का सामना करने की बात कही, जिससे उनके अनुभव प्रभावित हुए। दूसरे स्थान पर बिहार के रक्सौल का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि नेपाल से लौटने के बाद उन्हें ठहरने में परेशानी हुई। कई होटलों द्वारा विदेशी होने के कारण कमरा देने से इनकार करने और अधिक किराया मांगने जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ा।
सूची में शीर्ष स्थान पर वाराणसी को रखा गया, जो उनके पसंदीदा शहरों में भी शामिल है। इसके बावजूद उन्होंने बताया कि यहीं उन्हें सबसे अधिक पीछा किए जाने की घटनाओं का सामना करना पड़ा और एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें स्थिति खतरनाक लगने लगी। हालांकि उन्होंने इस घटना का विस्तार से उल्लेख नहीं किया।
वीडियो के अंत में हन्ना ने स्पष्ट किया कि वह इन शहरों को भारत के सबसे खराब स्थान नहीं मानतीं। उनके अनुसार किसी भी जगह का अनुभव एक साथ सकारात्मक और चुनौतीपूर्ण दोनों हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से वाराणसी की सराहना करते हुए इसे अपने पसंदीदा शहरों में शामिल बताया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोगों ने उनके अनुभवों पर खेद जताया और माफी मांगी, जबकि कुछ ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। वहीं, कई उपयोगकर्ताओं ने देश के अन्य क्षेत्रों को अपेक्षाकृत सुरक्षित बताया। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे अनुभव व्यक्तिगत होते हैं और इन्हें सभी यात्रियों के अनुभवों का प्रतिनिधि नहीं माना जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button