सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के अरबपति इंस्पेक्टर सुभाष यादव को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने द्वारका नारकोटिक्स सेल के 'अरबपति' इंस्पेक्टर सुभाष यादव को ₹100 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन में गिरफ्तार किया है। इस मामले में संलिप्त तीन आईपीएस अधिकारियों की रिपोर्ट पीएमओ को भेजी गई है, जिससे पुलिस महकमे में बड़े एक्शन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

नई दिल्ली/एजेंसी। द्वारका के नारकोटिक्स सेल में हुई सीबीआई रेड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दरअसल सीबीआई ने रिश्वतकांड में रेड के दौरान सेल के इंचार्ज रहे इंस्पेक्टर सुभाष यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। सूत्र ने बताया कि जांच में सुभाष के 100 करोड़ से ज्यादा के लेन-देन का खुलासा हुआ है। यही कारण है कि आगे की पूछताछ के लिए आज सीबीआई यादव को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। यही नहीं इंस्पेक्टर का लिंक तीन आईपीएस ऑफिसर से भी मिला है। इस बारे में सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट पीएमओ को भी भेज दी है, जिसके बाद मामले में बड़ा एक्शन होना तय माना जा रहा है।
पुलिस सूत्र ने बताया कि रेड वाले दिन ही सुभाष सीबीआई के रडार पर आ गया था, क्योंकि उसके ऑफिस से करीब 48 लाख रुपये कैश भी मिला था। लेकिन पूर्व में जिले में डीसीपी रहे आईपीएस ऑफिसर की सिफारिश पर राहत मिल गई थी। मगर जांच में इतना बड़ा लेन-देन सामने आया तो सभी को रडार पर ले लिया गया है। इन तीन आईपीएसऑफिसर में एक तो काफी सीनियर हैं, जबकि दो आईपीएस द्वारका जिले में ही डीसीपी रह चुके हैं। कार्यकाल के दौरान इंस्पेक्टर दोनों का खास रहा है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस में यह कांड चर्चा का विषय बना हुआ है। खुशी इस बात की जाहिर की जा रही कि इस बार तीन बड़ी मछलियों के नाम भी सामने आ गए हैं। अब इंतजार इस बात का हो रहा है कि इनके खिलाफ क्या एक्शन लिया जाता है। क्योंकि अब तक तमाम रेड में कॉन्सटेबल से लेकर सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार हो रहे थे। इंस्पेक्टर को लाइन भेज दिया जाता था।

Related Articles

Back to top button