दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में 10वीं के छात्र की चाकू गोदकर हत्या, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में छोटे भाई को थप्पड़ मारने का विरोध करने पर 15 वर्षीय अयान की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
![]()
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 15 साल के अयान मंसूरी की 17 साल के एक नाबालिग ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नाबालिग ने पीड़ित के छोटे भाई को डांटा और थप्पड़ मारा था। जब पीड़ित ने छोटे भाई को डांटने और थप्पड़ मारने का कारण पूछा तो आरोपी ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल अयान को परिजन इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। नॉर्थ ईस्ट जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि मृतक अयान अंसारी अपने परिवार के साथ ब्रहापुरी स्थित गड्ढे वाली मस्जिद, गौतम विहार की गली नंबर 7 में रहता था। परिवार में पिता सगीर अहमद, मां शबीना और 2 छोटे भाई सानिब और अल्तमस है।
अयान गौतमपुरी में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता सगीर अहमद कबाड़ी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 9 मई की देर शाम जेपीसी अस्पताल से न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को चाकू से घायल एक लड़के के भर्ती होने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि 15 साल के लड़के को उसके परिजन लेकर आए थे और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और संबंधित सबूत जुटाए।
मर्डर के मामले को सुलझाने के लिए एसएचओ राजेद्र कुमार की अगुवाई में एक टीम बनाई गई। रविवार सुबह आरोपी नाबालिग को तीसरे पुश्ते से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक के साथ उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि शनिवार शाम अयान का छोटा भाई सानिब घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी नाबालिग अपने दोस्तों के साथ मिला और उसने सानिब को थप्पड़ मार दिया। सानिब ने यह बात अयान को बताई। इसके बाद अयान अपने एक दोस्त के साथ के-ब्लॉक पहुंचा और आरोपी से थप्पड़ मारने का कारण पूछने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने अयान पर चाकू से लगातार 7 वार किए और मौके से फरार हो गए।




