टेक्निकल प्रोफेशनल एजुकेशन इन इंडिया फाउंडेशन ने दीपावली मनाई

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता

नई दिल्ली। खुशियां बांटने और समाज के जरूरतमंद वर्ग को उत्सवों से जोड़ने की भावना के साथ टेक्निकल प्रोफेशनल एजुकेशन इन इंडिया फाउंडेशन ने बंगला साहिब गुरुद्वारे के निकट स्थित आश्रय गृह में बच्चों और उनके परिवारों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।

कार्यक्रम में बच्चों ने दीप जलाए, रंगोली सजाई और ग्रीन आतिशबाजी का आनंद लिया। संस्था की ओर से मिठाइयां, खिलौने और उपहार वितरित किए गए। बच्चों को दीपावली के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व से भी परिचित कराया गया।

संस्था के निदेशक बलवंत सोनी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए योगदान देना चाहिए। संस्था होली, लोहड़ी, दशहरा और राष्ट्रीय पर्वों सहित विभिन्न त्योहार जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाती है, ताकि उनमें अपनत्व और समानता की भावना विकसित हो।

ग़ौरतलब है कि टीपीई इन इंडिया फाउंडेशन के द्वारा किये जाने वाले सामाजिक कार्यो के बारे मे संस्था की ‘प्रोजेक्ट बसेरा’ पहल की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके अंतर्गत बंगला साहिब के निकट रैन बसेरे में रहने वाले जरूरतमंद युवाओं को निःशुल्क सिलाई, कढ़ाई और योग का प्रशिक्षण दिया जाता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

टीपीई इन इंडिया फाउंडेशन द्वारा इस आयोजन ने संदेश दिया कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे।

Related Articles

Back to top button