नशा तस्कर से वसूली के आरोप में खजूरी खास थाने के एसआई और सिपाही गिरफ्तार, एसएचओ लाइन हाजिर

दिल्ली के खजूरी खास थाने में कथित ड्रग पेडलर को 24 घंटे से ज्यादा हिरासत में रखकर जबरन वसूली करने के आरोप में एसआई शुभम और सिपाही कपिल को गिरफ्तार किया गया। परिजनों की शिकायत पर तिमारपुर पुलिस ने जाल बिछाया। दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि एसएचओ को लाइन हाजिर किया गया है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाने में एक कथित नशा तस्कर को 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखकर उससे जबरन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप थाने में तैनात एसआई शुभम और सिपाही कपिल पर लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद तिमारपुर पुलिस ने कथित तौर पर जाल बिछाकर सिपाही को रकम लेने के दौरान पकड़ लिया, जबकि उपनिरीक्षक मौके से फरार हो गया। बाद में उसकी पहचान होने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। विभागीय स्तर पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि खजूरी खास थाना एसएचओ को लाइन हाजिर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला पिछले सप्ताह का है। आरोप है कि एसआई शुभम और सिपाही कपिल ने एक कथित नशा तस्कर को पकड़ा और उसे मादक पदार्थों से जुड़े कड़े कानून के तहत जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि कार्रवाई से बचाने के नाम पर उससे मोटी रकम की मांग की गई। कथित तौर पर करीब ढाई लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप यह भी है कि व्यक्ति को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठाकर रखा गया और इस दौरान नकद रकम के साथ डेबिट कार्ड के जरिए एटीएम से भी पैसे निकलवाए गए।
परिजनों के अनुसार, कथित तौर पर एक लाख रुपये से अधिक रकम वसूल किए जाने के बाद भी पुलिसकर्मियों की ओर से और पैसे की मांग की गई। इसके बाद परिवार ने मामले की शिकायत तिमारपुर थाने में की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके परिवार के सदस्य को थाने में रोककर रकम मांगी जा रही है। तिमारपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
पुलिस ने कथित रकम देने के बहाने आरोपियों को तिमारपुर इलाके में बुलाया। बताया जाता है कि एसआई आसपास निगरानी कर रहा था, जबकि सिपाही कपिल रकम लेने पहुंचा। इसी दौरान तिमारपुर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसआई मौके से भाग निकला। पूछताछ में सिपाही की तैनाती खजूरी खास थाने में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि जिस व्यक्ति से कथित वसूली का आरोप है, उसे खजूरी खास थाने में रखा गया था। इसके बाद मामले में खजूरी खास थाने में ही प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने एसआई शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(6) और 127(7) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन धाराओं में गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देकर जबरन वसूली तथा अवैध हिरासत से संबंधित आरोप शामिल हैं। दोनों आरोपियों को बाद में पाबंद कर छोड़ा गया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए एसआई शुभम और सिपाही कपिल को निलंबित कर दिया। वहीं, खजूरी खास थाने के एसएचओ को भी लाइन हाजिर किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित पुलिसकर्मियों ने कहीं अन्य लोगों के साथ इसी तरह की कार्रवाई तो नहीं की थी। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button