वेलकम थाना पुलिस ने अवैध शराब सप्लायर को किया गिरफ्तार, 125 क्वार्टर बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के वेलकम थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 125 क्वार्टर अवैध शराब और एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 14 जून को सुबह करीब 11:30 बजे गली नंबर 3जी, वेस्ट गोरख पार्क नाला के पास गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में प्लास्टिक बैग लेकर जुपिटर स्कूटी पर जाता दिखाई दिया। पुलिस के इशारा करने पर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर प्लास्टिक बैग से हरियाणा निर्मित संतरा देसी शराब के 86 क्वार्टर बरामद हुए, जबकि स्कूटी की डिक्की से रेस-7 ब्रांड के 39 क्वार्टर मिले। कुल 125 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई।
इस संबंध में वेलकम थाने में एफआईआर संख्या 311/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान दिलशाद कॉलोनी, सीमापुरी निवासी आशिक (22) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने सप्लाई स्रोत के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है और मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button