आईवीएफ के बावजूद नहीं मिली सफलता, मोनालिसा-विक्रांत ने परिवार बढ़ाने पर खुलकर रखी बात
भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा और पति विक्रांत सिंह ने शादी के कई साल बाद संतान न होने पर खुलासा किया है कि उनका IVF ट्रीटमेंट भी असफल रहा है। विक्रांत ने इस देरी को अपनी गलती मानते हुए बताया कि अब उन्हें परिवार और रिश्तेदारों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।

एंटरटेनमेंट डेस्क/मुंबई। भोजपुरी और टीवी इंडस्ट्री की अभिनेत्री मोनालिसा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनके पति विक्रांत सिंह राजपूत ने हाल ही में एक इंटरव्यू में परिवार बढ़ाने को लेकर खुलकर बात की है और कई अहम खुलासे किए हैं।
मोनालिसा और विक्रांत सिंह राजपूत ने वर्ष 2016 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 10’ के घर के अंदर शादी रचाई थी। शादी के कई साल बीत जाने के बाद भी दोनों के यहां संतान नहीं है, जिसको लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान विक्रांत ने बताया कि उन्होंने और मोनालिसा ने माता-पिता बनने के लिए आईवीएफ तकनीक का सहारा भी लिया, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा।
विक्रांत ने बताया कि अब परिवार और रिश्तेदार भी उनसे इस विषय को लेकर सवाल करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले वह टाल देते थे कि समय आने पर सब हो जाएगा, लेकिन अब लंबे समय के बाद लोग पूछते हैं कि शुरुआत में ही बच्चा क्यों नहीं किया। उन्होंने माना कि परिवार वालों का इरादा गलत नहीं होता, वे अपने परिवार को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं।
उन्होंने बातचीत में यह भी स्वीकार किया कि समय रहते इस विषय पर ध्यान न देना उनकी गलती रही। विक्रांत ने कहा कि जीवन में कुछ फैसले सही समय पर लेना जरूरी होता है और इस मामले में उनसे चूक हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें याद नहीं कि शादी के शुरुआती समय में इस विषय पर उन्होंने गंभीरता से चर्चा की हो।
मोनालिसा और विक्रांत की यह बातचीत सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जहां कई लोग उनके समर्थन में नजर आए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




