नोएडा में सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की मौत, जनगणना ड्यूटी से लौटते समय हुआ था हादसा

जनगणना ड्यूटी से लौट रही शिक्षिका संगीता रानी की यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

दनकौर। जनगणना ड्यूटी से लौट रही एक शिक्षिका को अज्ञात वाहन ने यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बीती 27 मई को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में इलाज चल रहा था। घटना के बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी जिस कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। इसके बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। शिक्षिका के भाई की तहरीर पर सोमवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद से ही पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा। गाजियाबाद के रहने वाले प्रवीण कुमार का कहना है कि उनकी बहन संगीता रानी दनकौर कस्बे के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थीं। उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी हुई थी। 27 मई को वह क्षेत्र स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में जनगणना का कार्य पूरा करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में वह गम्भीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया । घटना के बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो जाने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक वाहन चालक का सुराग नही लग सका है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चौहान का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही अज्ञात वाहन और उसके चालक का सुराग लगा लिया जायेगा।

Related Articles

Back to top button