नोएडा में वाट्सअप ग्रुप से जुड़कर जुआ खेलने वाले 20 जुआरी गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर 51 स्थित सनराइज होटल में पुलिस ने छापा मारकर तीन पत्ती जुआ खेलते 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह जुआ वाट्सएप ग्रुप के जरिए चल रहा था।

नोएडा। सेक्टर 51 स्थित सनराइज होटल के कमरे में तीन पत्ती जुआ खेलते 20 जुआरियों को सेक्टर 49 थाना पुलिस ने सोमवार सुबह मौके से दबोचा, जबकि सरगना होटल संचालक भाग गए। पुलिस ने आरोपितों के पास से 1.62 लाख, 160 ताश के पत्ते, सात बाइक व चार कार बरामद कीं। पुलिस फरार आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी है। टैक्सी चालक, फैक्ट्री कर्मी व कारोबारी आरोपित गाैतमबुद्ध नगर, ग्रुरुग्राम, फरीदाबाद से जुआ खेलने पहुंचे थे। वाट्सअप ग्रुप से जुआरियों को जोड़कर दस दिन से जुआ खिलवाने का नेटवर्क चल रहा था।
नोएडा सेक्टर 49 थाना पुलिस रविवार रात को आईपीएल फाइनल में सट्टेबाजी करने वालों को लेकर सतर्कता बरत रही थी। इस बीच सेक्टर 51 के सनराइज होटल में जुआ खेलने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर जाकर छापा मारा तो होटल के कमरे से 20 लोगों को जुआ खेलते दबोचा। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान इटावा मोतीगंज गांव के पुष्कर पोरवाल, भिंड के लकवाहा गांव के अजमेरी खान, झांसी के खंदरका गांव के अमित, जेवर के जहांगीरपुर के सचिन गुप्ता, नोएडा गिझौड़ के मनोज कुमार, मुजुफ्फरपुर के उदनछप्पन गांव के मोहम्मद शमीम, गोरखपुर के लक्ष्मीपुर गांव के चंदन, बुलंदशहर अरनिया खुर्द गांव के कपिल शर्मा, मथुरा कचनहू गांव के राहुल, मधुबनी के शमिया गांव के मोहम्मद जफरूल, बुलंदशहर के निखोब गांव के पवन, पन्ना के गढ़ी करईया गांव के मुकेश, छतरपुर के टोरिया मोहल्ला के शुभम, हाथरस के सासनी गांव के राकेश कुमार, बुलंदशहर ऊंचागांव के विक्रम सिंह, जहांगीराबाद के तोली गांव के गजेंद्र, अनूपशहर के नदीम, झारखंड गुमलां के खरतंगा गांव के पवन मुंडा, देवरिया के बांसगांव के नितिन व राजस्थान भिवाड़ी के हरचंदपुर गांव के सूरज के रूप में हुई।
थाना प्रभारी सुनील भारद्वाज ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि गिरोह के सरगना देवेश, सतेंद्र और सचिन हैं। तीनों मिलकर होटल व जुए का नेटवर्क चला रहे थे। दस दिन से होटल में लोगों को बुलाकर तीनों जुआ खिलवा रहे थे। जुआ शुरू होने के बाद होटल का गेट बंद कर दिया जाता था ताकि किसी को जुए की भनक नहीं लगे। सभी लोग जुआ खेलने के बाद सोमवार तड़के निकलने वाले थे, लेकिन पुलिस के छापा मारने पर हत्थे चढ़ गए। आरोपितों में से सचिन गुप्ता, मनोज कुमार, मोहम्मद शमीम व कपिल शर्मा पर पूर्व में एक-एक मामले दर्ज हैं। कपिल व शमीम पर जुआ खेलने के मामले हैं। दोनों आदतन जुआरी हैं।




