इंस्टाग्राम के जरिए 2,000 यूएसडीटी की ठगी का खुलासा, साइबर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने 2,000 यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) की ठगी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, हर्ष विहार निवासी 19 वर्षीय संचीत की शिकायत पर साइबर थाना, उत्तर-पूर्वी जिला में एफआईआर संख्या 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जिसने यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी बेचने का झांसा दिया।
आरोपी ने बाद में व्हाट्सएप नंबर साझा कर बातचीत शुरू की और धोखाधड़ी करते हुए शिकायतकर्ता के क्रिप्टो वॉलेट तक अनधिकृत पहुंच बना ली। इसके बाद करीब 2,000 यूएसडीटी, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये है, विभिन्न वॉलेट एड्रेस पर ट्रांसफर कर दिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई तलविंदर, हेड कांस्टेबल अंकित व नितिन तथा कांस्टेबल सौरभ शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के डीग क्षेत्र से दो आरोपियों—साबिर (23) और रिंकू (28)—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की इस घटना में किया गया था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के साथ-साथ ठगी गई क्रिप्टोकरेंसी के लेन-देन का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button