दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सड़क सुरक्षा समर कैंप–2026 के दूसरे बैच का चार स्थानों पर शुभारंभ

नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता समर कैंप–2026 के दूसरे बैच का आज चार स्थानों पर एक साथ शुभारंभ किया गया। यह कैंप हरकोर्ट बटलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंदिर मार्ग तथा ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क, बाल भवन, पंजाबी बाग और रोशनआरा बाग में आयोजित हो रहा है। सोमवार से शुक्रवार तक चलने वाले इस पांच दिवसीय बैच में प्रत्येक स्थल पर लगभग 200 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
कैंप के उद्घाटन कार्यक्रम हरकोर्ट बटलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंदिर मार्ग में एसीपी/एनडीआर एवं टीआई/पीटीसी श्री सुनील चौहान, ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क रोशनआरा बाग में एसीपी/आरएससी श्री अनिल तोमर, ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क बाल भवन में टीआई/आरएससी एवं टीआई/खजूरी सुश्री मंजू सिंह तथा ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क पंजाबी बाग में संबंधित टीआई/पीबीसी द्वारा संपन्न कराए गए।
समर कैंप को विद्यार्थियों के लिए एक समग्र कार्यक्रम के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें सीखने के साथ मनोरंजन, शारीरिक गतिविधियां और व्यक्तित्व विकास का समावेश किया गया है। कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े ट्रैफिक ड्रिल, बोर्ड गेम, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और कहानी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त आत्मरक्षा, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, साइबर जागरूकता और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी शामिल किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध हो सके।
यह समर कैंप सभी प्रतिभागियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क है। छात्रों को स्टेशनरी सामग्री, आकर्षक उपहार और प्रतिदिन अल्पाहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यार्थियों में रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए पेंटिंग, क्विज सहित सड़क सुरक्षा आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक बैच के अंतिम दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। समर कैंप के समापन अवसर पर सभी बैचों के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों के बीच एक भव्य फाइनल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेताओं को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
यह समर कैंप विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मनोरंजन का संतुलित अनुभव प्रदान करते हुए अनुशासन, जागरूकता, आत्मविश्वास, नागरिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का विकास सुनिश्चित कर रहा है, जिससे उनकी गर्मी की छुट्टियां सार्थक और उपयोगी बन सकें।

Related Articles

Back to top button