ईडी पर केजरीवाल का बड़ा आरोप, कार्यकर्ताओं और कारोबारियों को निशाना बनाने का दावा
अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आप नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिला तो अब कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां अब उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पार्टी का समर्थन करने वाले कारोबारियों को निशाना बना रही हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में केजरीवाल ने दावा किया कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ जांच में कोई गड़बड़ी का सबूत नहीं मिलने के बाद एजेंसियों ने अलग-अलग राज्यों में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने और व्यापारियों व उद्योगपतियों पर दबाव बनाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में व्यापारियों को भाजपा को चंदा नहीं देने पर केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई की धमकी दी जा रही है।
एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में एक बार फिर उगाही शुरू हो गई है, जहां व्यापारियों को बुलाकर कहा जा रहा है कि वे चंदा दें, अन्यथा उनके यहां ईडी की छापेमारी की जाएगी। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से भयभीत न होने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि ऐसे दबाव का सामना करने वालों को पंजाब सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा।
इन आरोपों का समर्थन करते हुए पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का राजनीतिक हथियार के रूप में उपयोग कर रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ हुई जांच और गिरफ्तारियों का भी उल्लेख किया।
संजय सिंह ने गोवा में आप से जुड़े कुछ व्यक्तियों के खिलाफ हाल में की गई तलाशी कार्रवाई पर भी चिंता व्यक्त की। हालांकि इन आरोपों पर भाजपा की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।




