मानहानि मामले में हाईकोर्ट ने खान सर समेत अन्य से मांगा जवाब, सामग्री हटाने पर अंतरिम राहत से इनकार
दिल्ली हाई कोर्ट ने टीवी एंकर अंजना ओम कश्यप द्वारा फैसल खान (खान सर) के खिलाफ दायर मानहानि मुकदमे में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने खान सर सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

नई दिल्ली। अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर दायर मानहानि मुकदमे में दिल्ली हाई कोर्ट ने फैसल खान (खान सर) सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। हालांकि अदालत ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक सामग्री को हटाने की मांग पर अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार कर दिया है।
सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने प्रतिवादियों से जवाब तलब करते हुए अगली सुनवाई 17 जून की तारीख तय की। अदालत ने फिलहाल किसी भी सामग्री को हटाने को लेकर तत्काल राहत देने से इंकार किया।
दरअसल, टीवी एंकर अंजना ओम कश्यप ने एक टीवी शो के दौरान ‘स्टार टीचर्स’ के बढ़ते प्रभाव की आलोचना की थी। इसके बाद खान सर ने उनके बयान पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणियां कीं। इसी को लेकर अंजना ओम कश्यप ने मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
याचिका में अंजना की ओर से कहा गया कि प्रतिवादियों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर अपमानजनक सामग्री और पोस्ट प्रसारित किए गए, जिन्हें अन्य लोग भी लगातार शेयर कर रहे हैं। उन्होंने अदालत से इन सामग्रियों को हटाने के लिए अंतरिम आदेश जारी करने की मांग की। वहीं, प्रतिवादियों की ओर से पेश अधिवक्ता राकेश मल्होत्रा ने तर्क दिया कि यदि उनके मुवक्किलों की पोस्ट हटाई जाती है, तो शिकायतकर्ता द्वारा किए गए पोस्ट भी हटाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता ने स्वयं भी कथित मानहानिकारक सामग्री साझा की है।
इस पर अंजना ओम कश्यप की ओर से कहा गया कि प्रतिवादियों द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा न केवल अपमानजनक है, बल्कि हिंसा को भड़काने वाली भी है और इसमें उनके परिवार, विशेषकर बच्चों को भी घसीटा गया है। मामले में अंजना ओम कश्यप ने दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए दावा किया है कि विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रसारित वीडियो, पोस्ट और ब्रॉडकास्ट में उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। फिलहाल अदालत ने अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 17 जून को तय कर दी है।




