दिल्ली के गफ्फार मार्केट से चोरी के मोबाइल अनलॉक कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली पुलिस ने गफ्फार मार्केट से चोरी के मोबाइल अनलॉक कर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 45 मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए।

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर उन्हें अनलॉक कर दोबारा बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 45 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 22 मोबाइल फोन बॉडी, एक लैपटॉप और मोबाइल की सुरक्षा प्रणाली को बायपास करने वाला चीनी एएमपी टूल बरामद किया है।
डीसीपी पूर्वी दिल्ली राजीव कुमार के अनुसार मोबाइल चोरी के मामलों की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि गफ्फार मार्केट में कुछ लोग चोरी के मोबाइल खरीदकर विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से उनके लॉक और सुरक्षा फीचर हटाकर दोबारा बाजार में बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने करोल बाग के बीडन पुरा स्थित “केजीएन सॉफ्टवेयर एंड मोबाइल रिपेयरिंग इंस्टीट्यूट” पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान दुकान से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद हुए। मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों से मोबाइल फोन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी मोहम्मद जलाल और राजपुर खुर्द एक्सटेंशन निवासी इमरान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल रिपेयरिंग और सॉफ्टवेयर सर्विसिंग की आड़ में चोरी के मोबाइल फोन अनलॉक करने का काम करते थे।
इसके लिए वे एक विशेष चीनी एएमपी टूल का इस्तेमाल करते थे, जिससे मोबाइल का फैक्ट्री रीसेट प्रोटेक्शन (एफआरपी) और अन्य सुरक्षा फीचर हटाए जाते थे। जांच में अब तक बरामद सात मोबाइल फोन दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दर्ज चोरी व गुमशुदगी के मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
इनमें मधु विहार, न्यू अशोक नगर, मंडावली, गाजीपुर, रेलवे पुलिस, पानीपत और मुजफ्फरनगर के मामले शामिल हैं। पुलिस शेष मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों का सत्यापन कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button