दिल्ली की हवा हुई बेहद जहरीली, एक्यूआई 629 पर पहुंचा; कई इलाकों में 700 के पार प्रदूषण

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, कुल एक्यूआई 629 दर्ज किया गया है जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। कई इलाकों में एक्यूआई 700 के पार है, जिससे स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने चिंताजनक स्थिति पैदा कर दी है। शहर का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 629 दर्ज किया गया है, जो प्रदूषण के बेहद गंभीर स्तर को दर्शाता है। राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 700 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। बुधवार को तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदूषण निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में एक्यूआई 736, विवेक विहार में 734, पर्यटन विहार में 731 और सोनिया विहार में 708 दर्ज किया गया। इसके अलावा पुठ खुर्द में 698, रविंद्र नगर में 650, झंडेवालान में 628, नवजीवन विहार में 622, आरके पुरम में 588 और खेरा डाबर में 496 एक्यूआई दर्ज किया गया।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं और पहले से श्वसन या हृदय संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। नागरिकों को सुबह के समय खुले में व्यायाम और सैर से बचने, बाहर निकलने पर उपयुक्त मास्क पहनने तथा अनावश्यक रूप से प्रदूषित वातावरण में रहने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

वहीं, मौसम के लिहाज से बुधवार सुबह राजधानी में हल्की ठंडक महसूस की गई और तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप तेज होने की संभावना है। हालांकि, साफ मौसम के बावजूद प्रदूषण का गंभीर स्तर दिल्लीवासियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button