इंस्टाग्राम लाइव के दौरान युवक ने खुद को मारी गोली, गंभीर हालत में मेरठ रेफर
मवाना में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर खुद को गोली मार ली। उसने कहा कि वह मरना चाहता है और इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मवाना क्षेत्र के एक व्यापारी के इकलौते बेटे ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर खुद को गोली मार ली। गोली युवक की दाईं कनपटी के पास फंस गई। गंभीर हालत में वह खुद पैदल चलकर मध्य गंगनहर से थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और बाद में मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला तिहाई के प्रीतनगर निवासी सुबोध रस्तोगी का मेडिकल स्टोर है। उनका 20 वर्षीय बेटा देवांश, जो सुभारती विश्वविद्यालय में बीकॉम तृतीय वर्ष का छात्र है, गुरुवार शाम को घर से लापता हो गया था। रात करीब सवा आठ बजे वह इंस्टाग्राम पर लाइव आया और करीब ढाई मिनट के वीडियो में कहा कि वह जीना नहीं चाहता और अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उसने स्पष्ट कहा कि न परिवार, न प्यार और न ही कोई दोस्त इसके लिए जिम्मेदार है।
लाइव वीडियो देखने वाले उसके दोस्तों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन और परिचित उसे तलाशते रहे, लेकिन वह नहीं मिला। कुछ देर बाद वह खुद ही मध्य गंगनहर क्षेत्र से पैदल चलकर थाने पहुंच गया। उस समय उसके दाएं कान के ऊपर गोली फंसी हुई थी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नहर के पास एक खेत में गया था, जहां कुछ देर रुकने के बाद उसने पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली सिर की हड्डी में फंस जाने के कारण बाहर नहीं निकली और अत्यधिक रक्तस्राव भी नहीं हुआ। घटना के बाद वह कुछ समय तक वहीं पड़ा रहा और फिर उठकर पैदल थाने पहुंच गया। उसने यह भी बताया कि दूसरी गोली चलाने की हिम्मत नहीं जुटा सका, जबकि उसके पास कई कारतूस मौजूद थे।
थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने युवक के बताए स्थान पर हथियार की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत होता है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल .32 बोर की बताई जा रही है। युवक के इस कदम के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं प्राथमिकता युवक का उपचार कर उसकी जान बचाना है।




