बरेली के नन्हे मियां को 50 फीट तक उड़ाकर ले गई आंधी ! होश में आते ही बताई आपबीती
तेज आंधी और बारिश के बीच बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया। इस वीडियो में हवा के तेज झोंके ने नन्हे मियां नाम के शख्स को उड़ाकर दूर खेत में जाकर पटक दिया।

बरेली/उत्तर प्रदेश। यूपी में बुधवार को आए आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और तूफान की वजह से अभी तक 89 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, करीब 53 लोग घायल बताए जा रहे हैं। 114 मवेशियों के मरने सहित लोगों के घर-दुकान को भी बड़े पैमाने पर नुकसान होने की जानकारी मिली है। तबाही के इस मंजर के बीच यूपी के बरेली से एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स बारातघर के टीनशेड के पोल को पकड़कर खड़ा था कि तभी हवा का एक बहुत तेज झोंका आया और शख्स को करीब 50 फीट ऊपर उछालकर खेतों में पटक दिया।
घटना में शख्स के हाथ-पैर टूट गए और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बरेली का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में शेयर किया गया। वीडियो देखकर लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि हवा का झोंका इतना जबरदस्त हो सकता है कि वो किसी इंसान को इतनी ऊंचाई तक उड़ा ले जाए। लेकिन, अब वही शख्स सामने आया है और उसने बताया है कि उसके साथ आखिर क्या हुआ था।
शख्स का नाम नन्हे मियां पुत्र वहीद अंसारी है। 50 वर्षीय नन्हे मियां बरेली जिले के भमोरा इलाके में बबियाना गांव के रहने वाले हैं। मीडिया से बातचीत में नन्हे मियां ने बताया कि वह लोहे के पोल की रस्सी पकड़कर खड़े थे कि तभी उनके साथ यह घटना हुई। नन्हे मिया ने बताया, ‘हवा आई और हमें नहीं पता था कि कितनी तेज आई। मैंने रस्सी पकड़ी हुई थी और हवा के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई पर ऊपर चला गया। कुछ दिखाई ही नहीं दिया। मुझे काफी चोटें आई हैं और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।’
इस घटना के वक्त नन्हे मियां के साथ कुछ और लोग भी थे। हालांकि, उनमें से किसी को चोट नहीं आई है। नन्हे मियां ने बताया कि दोपहर में अचानक मौसम बदला और तेज हवा की वजह से टीनशेड उड़ रहा था तो हमें लगा कि हम रस्सी पकड़ लेते हैं, इससे टीनशेड उड़ने से बच जाएगा। लेकिन, इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह तेज हवा के साथ मुझे ही उड़ाकर ले जाएगा। नन्हे मियां फिलहाल अपनी चोटों का इलाज करा रहे हैं।
आपको बता दें कि बुधवार को आए आंधी-तूफान में सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज में हुई हैं। इसके अलावा संत रविदास नगर में 14, फतेहपुर में 11, मिर्जापुर में 10 लोगों की जान गई है। प्रदेश के उन्नाव, बदायूं, बरेली और प्रतापगढ़ सहित कई अन्य जिलों से भी लोगों की मौत की खबर है। तेज हवाओं में छप्पर उड़ने और दीवारें ढहने से घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी-तूफान से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को तुरंत मुआवजा जारी किया जाए।




