नॉर्थ-ईस्ट जिले में बड़ी कार्रवाई: कुख्यात ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, 10 चोरी के वाहन बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले की एएटीएस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 10 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित उर्फ मंगल (24) निवासी अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है, जो एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी लूट, ऑटो चोरी, चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े 17 आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। जानकारी के मुताबिक, 31 मई 2026 को एएटीएस टीम अशोक नगर इलाके में निवारक चेकिंग और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक कुख्यात वाहन चोर की गतिविधियों के बारे में विशेष सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार पाया और उसे रोककर जांच की।
पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विस्तृत जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल थाना जाफराबाद क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी को थाना ज्योति नगर में संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
गहन पूछताछ में आरोपी ने कई वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसके खुलासे के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए, जो दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हुए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक शातिर और आदतन अपराधी है, जो लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button