पटाखे खरीदने निकले 16 वर्षीय देवांश की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल लूट का विरोध करने पर वारदात

दिल्ली में एक हैरान कर देने वाला अपराध सामने आया है। दीपावली के लिए पटाखे खरीदने गए एक लड़के का बेरहमी से मर्डर कर दिया गया। हत्यारों ने उससे पैसे और मोबाइल छीनने के लिए उसकी जान ही ले ली।

छोटे भाई देवांश की मौत पर बिलखता भाई नितिन, गोल घेरे में मृतक

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिवाली के लिए पटाखे खरीदने निकले 16 वर्षीय किशोर देवांश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन लूटने की कोशिश का विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। देवांश के भाई नितिन का एक भावुक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह आरोपियों से सवाल कर रहा है कि यदि उन्हें पैसे और मोबाइल ही छीनने थे तो उसके छोटे भाई की जान लेने की क्या जरूरत थी।

नितिन ने घटना की रात को याद करते हुए बताया कि परिवार दिवाली की तैयारियों में जुटा था। घर में साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा था। इसी दौरान देवांश दोस्तों के साथ पटाखे खरीदने के लिए घर से निकला था। उसके मुताबिक, देवांश पढ़ाई में होशियार था और किसी से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी। वह कुछ पैसे लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात उसकी हत्या की खबर मिली। नितिन ने बताया कि चाकू मारने के आरोपी के भाई को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, देवांश शनिवार को अपने दोस्तों के साथ पटाखे खरीदने गया था। देर रात करीब 2:30 बजे सुरेंद्र कॉलोनी से घर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की। देवांश ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए और फरार हो गए।

घटना के बाद देवांश के दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वजीराबाद थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button