दिल्ली में साकेत कोर्ट के पास कार शोरूम में भीषण आग, कई कार जलकर राख; सात लोग घायल; 15 लोगों को सुरक्षित निकाला
इस भयानक हादसे में जान बचाने की जद्दोजहद में कुछ लोगों को शोरूम की इमारत से नीचे कूदना पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में शुक्रवार दोपहर एक किआ कार शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए, जबकि हादसे में सात लोग घायल हो गए। इमारत में फंसे करीब 12 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन और बचाव दलों ने इमारत के भीतर तलाशी अभियान शुरू किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो।
उप जिलाधिकारी (एसडीएम) लक्ष्य सिंघल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित किआ शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। एसडीएम और थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे में घायल सात लोगों में से चार को मैक्स अस्पताल और तीन को मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिंघल के मुताबिक, इमारत की ऊपरी मंजिलों पर कई लोग फंसे हुए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए आसपास की इमारतों के सहारे सीढ़ियां लगाई गईं। बचाव दलों के साथ स्थानीय लोगों ने भी अभियान में सहयोग किया। इस दौरान करीब 12 से 15 लोगों को बाहर निकाला गया। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल किसी की मौत की सूचना नहीं है। हालांकि, किसी के अंदर फंसे होने या हताहत होने की आशंका को पूरी तरह खारिज करने के लिए इमारत की तलाशी ली जा रही है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद शुरुआत में दमकल की 10 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अग्निशमन विभाग तथा दिल्ली पुलिस की कई टीमों को लगाया गया। बचाव अभियान में राजस्व विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एंबुलेंस सेवाओं और कैट्स की टीमें भी शामिल रहीं। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।




