पहले करवाचौथ पर 51 नवविवाहित बेटियों को मिला एक-एक लाख का संबल, सीएम रेखा गुप्ता ने बांटी खुशियां

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 नवविवाहित बेटियों को उनके पहले करवाचौथ पर एक-एक लाख रुपये के चेक और किट प्रदान की।

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में 51 नवविवाहित बेटियों के प्रथम करवाचौथ को विशेष बनाते हुए उन्हें एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक और करवाचौथ किट प्रदान की। लाडली फाउंडेशन की ओर से मार्च माह में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में परिणय सूत्र में बंधी इन बेटियों को उनके पहले करवाचौथ के अवसर पर आर्थिक सहायता और उपहार देकर उनके नए वैवाहिक जीवन में खुशियों और आत्मविश्वास का संबल देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवविवाहित बेटियों को प्रथम करवाचौथ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने बेटियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके परिवार, वैवाहिक जीवन और अब तक के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बेटियों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार तथा समाज उनके सुख, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेटियों से कहा कि जीवन में किसी भी तरह की परेशानी या कठिन परिस्थिति आने पर उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। वे निःसंकोच अपनी बात साझा करें और जरूरत पड़ने पर सहायता मांगें। उन्होंने बेटियों को बड़ी बहन का भरोसा देते हुए कहा कि वे स्वयं को अकेला न समझें और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा।
उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, सुरक्षा, सुख और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक बेटी को अपने जीवन के फैसले आत्मविश्वास के साथ लेने और अपनी प्रतिभा व क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने, अपनी पहचान बनाने और परिवार के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बेटियों के साथ आत्मीय वातावरण में बातचीत की। उन्होंने उनके वैवाहिक जीवन से जुड़े अनुभवों को जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आर्थिक सहायता के चेक के साथ करवाचौथ किट मिलने से नवविवाहित बेटियों में भी उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।
लाडली फाउंडेशन की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह के बाद प्रथम करवाचौथ पर बेटियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल उनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत में आर्थिक सहयोग देने के साथ सामाजिक सम्मान और आत्मीयता का संदेश भी देती है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि बेटियों के जीवन में विवाह के बाद भी उनका सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता उतनी ही महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां अपने सपनों को सीमित न करें और जीवन में आने वाली चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करें। उन्होंने नवविवाहित बेटियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Related Articles

Back to top button