जीटीबी अस्पताल की फार्मेसी से डेढ़ माह का बच्चा चोरी, महिला पर ले जाने का आरोप
दवा लेने के दौरान मां को बातचीत में उलझाया, दोपहर साढ़े 12 बजे बच्चा लेकर गायब हुई संदिग्ध महिला

पूर्वी दिल्ली। जीटीबी एन्क्लेव स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल की फार्मेसी से डेढ़ माह के बच्चे के चोरी होने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां उसे चिकित्सक को दिखाने के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी। आरोप है कि दवा लेने के दौरान एक अज्ञात महिला ने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सलोनी ने बताया कि वह अपने पति नीतेश के साथ हर्ष विहार के साबोली विस्तार क्षेत्र में रहती हैं। 15 अक्टूबर को वह अपने करीब डेढ़ माह के बेटे को चिकित्सक को दिखाने के लिए जीटीबी अस्पताल की एमसीएच इमारत पहुंची थीं। चिकित्सकीय परामर्श के बाद डॉक्टर ने बच्चे के लिए कुछ दवाएं लिखीं। इसके बाद सलोनी बच्चे को साथ लेकर अस्पताल की फार्मेसी में दवा लेने पहुंचीं।
शिकायत के अनुसार, फार्मेसी में दवा लेने के दौरान बच्चा मां के पास ही था। इसी बीच काले रंग का बुर्का पहने एक महिला उनके पास आई और बातचीत करने लगी। महिला ने खुद को नंद नगरी के सी-3 ब्लॉक की रहने वाली बताया। आरोप है कि उसने सलोनी से पानी मांगा और बातचीत के दौरान उन्हें व्यस्त रखा।
सलोनी के मुताबिक, बातचीत के कुछ देर बाद करीब दोपहर 12:30 बजे उन्होंने देखा कि उनका डेढ़ माह का बच्चा उनके पास नहीं था। जिस महिला से वह बातचीत कर रही थीं, वह भी वहां से गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास बच्चे और संदिग्ध महिला की तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद सलोनी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध महिला की पहचान और बच्चे का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
डेढ़ माह के बच्चे के अस्पताल परिसर से गायब होने की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और बच्चे की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



