उद्योग भवन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग, दमकल की 20 से अधिक गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू
दिल्ली के उद्योग भवन क्षेत्र के पास झुग्गियों में भीषण आग लग गई, जिस पर दमकल विभाग की 20 गाड़ियों ने काबू पा लिया है। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है और घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

नई दिल्ली। राजधानी के उद्योग भवन स्थित लेबर झुग्गी के पास सोमवार देर रात एक बिजली के पैनल में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी झुग्गी बस्ती इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर कई यूनिट्स तैनात कर दीं।
दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए पानी की टंकियों और फायर बाइकों के साथ अतिरिक्त पानी के टैंकर भी मंगवाए। घटनास्थल पर करीब 20 से 25 दमकल वाहन मौजूद रहे, जिन्होंने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल के अनुसार, घटना सेना भवन के पास स्थित अस्थायी मजदूर कैंप में हुई। उन्होंने बताया कि दमकल की टीम रात करीब 3 बजे मौके पर पहुंची। यह क्षेत्र मजदूरों के अस्थायी निवास के रूप में उपयोग किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग रह रहे थे।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एलपीजी के छोटे सिलेंडरों के उपयोग और फैली हुई बिजली की तारों में से किसी एक कारण से आग लगी हो सकती है। हालांकि, सटीक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि इसे नियंत्रित करने में दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




