श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा मामले में सीएम योगी का बड़ा बयान, 15 दिन में होगा दूध का दूध और पानी का पानी
समाजवादी पार्टी की सरकार जय श्री राम कहने पर गोली चलवाती थी। अयोध्या का अपमान करनेवालों से सावधान रहें।

लखनऊ/एजेंसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के प्रकरण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था कर दी है कि 15 दिन के भीतर सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है, जिसने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट मिल जाएगी और 15 दिनों में पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास कोई साक्ष्य हो तो वह एसआईटी को उपलब्ध कराए।
अयोध्या के रुदौली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाया, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार में रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि आज वही लोग रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अयोध्या का वैश्विक स्तर पर नाम हो। उन्होंने कहा कि अतीत में रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज उपदेश दे रहे हैं, जो उनके दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भी सुप्रीम कोर्ट में बड़े वकीलों के माध्यम से मंदिर निर्माण में बाधा डालने का प्रयास किया था।
मुख्यमंत्री ने रामभक्तों से धैर्य और मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जब सदियों तक संघर्ष के बाद मंदिर का निर्माण संभव हुआ है, तो अब कुछ दिनों का धैर्य और रखा जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने को कहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹378 करोड़ से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिसमें राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय शामिल है। साथ ही वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रनायकों, वीरों और वीरांगनाओं के प्रति सम्मान की भावना राष्ट्रभक्ति को प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती, महारानी अवंतीबाई लोधी, वीरांगना झलकारी बाई और वीरांगना उदा देवी के नाम पर कई योजनाएं प्रारंभ की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पीएसी की तीन नई बटालियन का गठन किया है, जिन्हें वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और वीरांगना उदा देवी पासी के नाम पर रखा गया है। इन बटालियनों में केवल महिलाओं की भर्ती की जाएगी।




