कानपुर में जूनियर के अधीन काम से इंकार पर इंस्पेक्टर ने दिया इस्तीफे का प्रार्थना पत्र, कार्रवाई की संभावना

कानपुर साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर विनय कुमार शर्मा ने अपने जूनियर थाना प्रभारी के अधीन काम करने से इनकार करते हुए इस्तीफा दे दिया है।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। साइबर क्राइम थाने में इन दिनों जूनियर और सीनियर इंस्पेक्टर के बीच विवाद सामने आया है। पूर्व में चर्चित रहे इंस्पेक्टर विनय कुमार शर्मा ने थाना प्रभारी को जूनियर बताते हुए उनके अधीन काम करने से इंकार कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को डीसीपी मुख्यालय को इस्तीफे के लिए प्रार्थना पत्र भी सौंप दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कदम को अनुशासनहीनता के रूप में देखा जा रहा है और प्रार्थना पत्र देने की बात सार्वजनिक करने के चलते उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार एटा निवासी इंस्पेक्टर विनय कुमार शर्मा वर्ष 2005 बैच के हैं। वर्ष 2023 में काकादेव थाना प्रभारी रहते हुए उनका नाम एक विवाद में सामने आया था। उस समय नवाबगंज थाना प्रभारी रोहित तिवारी द्वारा उनके क्षेत्र से एक गांजा तस्कर को पकड़ा गया था। आरोप था कि विनय कुमार शर्मा ने फोन कर आरोपित को छोड़ने का दबाव बनाया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बाद में वह हाईकोर्ट गए और बहाली के बाद उनकी तैनाती ललितपुर में की गई।
करीब ढाई वर्ष पहले उन्हें दोबारा कानपुर कमिश्नरेट में तैनाती मिली। उनका आरोप है कि इस दौरान उन्हें बिना कारण पुलिस लाइन में रखा गया। 28 अप्रैल को उन्हें अपराध शाखा में तैनात किया गया, जबकि लगभग 15 दिन पहले ही उनका स्थानांतरण साइबर क्राइम थाने में कर दिया गया, जहां थाना प्रभारी उनके जूनियर हैं।
इंस्पेक्टर विनय कुमार शर्मा का कहना है कि वह जूनियर के अधीन काम नहीं कर सकते, इसलिए उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। वहीं, अपर पुलिस आयुक्त अपराध-मुख्यालय संकल्प शर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और नियमानुसार उसकी जांच की जाएगी, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button