कल्याणपुरी के सक्रिय बदमाश को अवैध हथियार सहित दबोचा, पिस्टल और कारतूस बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले की एएटीएस टीम ने अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना कल्याणपुरी के एक सक्रिय बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन चावला उर्फ पहलवान (36) निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। वह थाना कल्याणपुरी का घोषित बदमाश है और पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, लूट और मारपीट समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं।
पूर्वी जिला पुलिस की एएटीएस टीम को 10 जून 2026 को सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी अवैध हथियार के साथ पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और 16 ब्लॉक जलेबी चौक, कल्याणपुरी के पास जाल बिछाया गया। मौके पर संदिग्ध को चिन्हित कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इस संबंध में थाना कल्याणपुरी में 11 जून 2026 को एफआईआर संख्या 238/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे बरामद हथियार के स्रोत तथा उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button