मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से 60 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गौरी शंकर को गिरफ्तार किया जो मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को ठगता था। वह खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर इमोशनल ब्लैकमेल करता और लाखों रुपये की ठगी करता था। उसने कई राज्यों में महिलाओं को शिकार बनाया।

नई दिल्ली। मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी पहचान बनाकर और नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी गौरी शंकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने छह से सात महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर 60 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रा बांठिया के अनुसार आरोपी खुद को कभी सीबीआई अधिकारी, कभी प्रोफेसर, तो कभी आईएफएसओ अधिकारी बताकर महिलाओं का विश्वास जीतता था। इसके बाद वह उन्हें इमोशनल ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठता था। आरोपी कई महिलाओं के आईडी प्रूफ का दुरुपयोग कर उनके नाम पर बैंक से लाखों रुपये का लोन भी ले चुका है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिलाओं का विश्वास जीतने के लिए उनसे सगाई करता था और कुछ मामलों में शादी भी कर चुका है। पुलिस को दो से तीन महिलाओं से शादी करने के प्रमाण मिले हैं। आरोपी जहां भी रहता था, वहां किराये के मकान में नाम बदलकर रह रहा था।
आरोपी को पकड़ने के लिए डीसीपी राजा बांठिया, एसीपी शशिकांत गौर और तिमारपुर थाना प्रभारी प्रवीण सरोहा की देखरेख में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में इंस्पेक्टर पंकज तोमर, एसआई दीपिका, एएसआई बलवान और हेड कॉन्स्टेबल रामवीर शामिल थे। 7 जून को नोएडा की विभिन्न सोसायटियों में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं की प्रोफाइल खंगालकर उन्हें निशाना बनाता था। दोस्ती और शादी का झांसा देकर वह उन्हें भावनात्मक रूप से अपने नियंत्रण में ले लेता था और फिर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
तिमारपुर पुलिस ने यह कार्रवाई तीस हजारी कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही एक महिला अधिवक्ता की शिकायत पर की। आरोपी ने एडवोकेट को शादी का झांसा देकर न केवल उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, बल्कि उसे ब्लैकमेल कर करीब 12 लाख रुपये भी ठग लिए और फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वर्ष 2016 में आगरा में आईएफएसओ अधिकारी बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से ठगी की थी, जिसके संबंध में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। इसके अलावा चंडीगढ़ में एक महिला की आईडी का इस्तेमाल कर करीब 10 लाख रुपये का लोन लिया गया। नोएडा में एक महिला को नौकरी का झांसा देकर बुलाया और उससे सोने के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। लखनऊ और उत्तराखंड में भी उसने महिलाओं को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button