चंडीगढ़ में टैक्सी चालकों ने 16 जून को होने वाले प्रदर्शन से पहले जागरूकता अभियान चलाया, लोगों से यात्रा पहले ही प्लान करने की अपील

टैक्सी चालकों के संगठनों ने 16 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए ट्राइसिटी में जागरूकता अभियान चलाया।

चंडीगढ़/एजेंसी। 11 जून। 16 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर ट्राइसिटी के टैक्सी चालकों के संगठनों ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में करीब 50 से 60 वाहनों ने हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार, वाहन काफिला मोहाली के सेक्टर-70 से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ चंडीगढ़ के सेक्टर-17 पहुंचा, जहां अभियान का समापन हुआ। अभियान का उद्देश्य ट्राइसिटी के लोगों को 16 जून को होने वाले प्रदर्शन की पूर्व सूचना देना था, ताकि आम नागरिक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अन्य लोग अपने दैनिक कार्यों और आवागमन की योजना पहले से बना सकें।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और इसका मकसद लोगों को किसी भी संभावित असुविधा से बचाने के लिए समय रहते जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान की मांग को लेकर 16 जून को प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने ट्राइसिटी की जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उनका आंदोलन रोजगार और चालकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों के लिए है। उनका कहना है कि जनता के सहयोग से उनकी मांगों को मजबूती मिलेगी और संबंधित अधिकारियों तक उनकी आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।
टैक्सी चालक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे 16 जून को अपने कार्यालय, शिक्षण संस्थान अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकलने से पहले यात्रा की योजना बना लें। संगठनों का कहना है कि जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को पहले से सूचित करना तथा संभावित असुविधा को कम करना है।

Related Articles

Back to top button