पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस की बड़ी सफलता: बंदूक की नोंक पर सराफा व्यापारी से लूट करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई सोने की चेन व नकदी बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम और प्रीत विहार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सर्राफा कारोबारी से हुई सशस्त्र लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य लुटेरों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटी गई 21 सोने की चेन (करीब 250 ग्राम) तथा 2.31 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मंडावली निवासी सर्राफा कारोबारी सुकुमार धारा दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी दो बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें रोककर उनकी स्कूटी, जिसमें 23 सोने की चेन, सोने के अन्य आभूषण, करीब तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा था, लूट लिया। इस संबंध में प्रीत विहार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। घटनास्थल पर सीसीटीवी न होने के कारण पुलिस ने आसपास के सभी संभावित रास्तों की जांच की और 10 दिनों तक लगातार 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियों को विकास मार्ग, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, सिग्नेचर ब्रिज, भजनपुरा और घोंडा होते हुए जाफराबाद तक ट्रैक किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए कई तरीके अपनाए। उन्होंने रास्ते में स्कूटी छोड़ दी, तीन बार कपड़े बदले, अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल किया और मोबाइल फोन को एक चलती गाड़ी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार (30) और सुनील (35) मुख्य लुटेरे हैं, जबकि अर्जुन (26) और आनंद (21) रेकी करने में शामिल थे। वहीं हरीश (42) ने सूचना देने का काम किया था। पुलिस के अनुसार विजय कुमार पहले 19 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि अन्य आरोपी पहली बार इस तरह के अपराध में पकड़े गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 सोने की चेन, 2.31 लाख रुपये नकद, लूटा गया बैग, वारदात में इस्तेमाल किए गए कपड़े, हेलमेट, फ्लोरोसेंट जैकेट और पिट्ठू बैग बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि करीब 90 प्रतिशत लूटा गया माल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और समन्वित प्रयासों का परिणाम है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित कड़ियों की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button