ड्रग तस्करी पर दिल्ली क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, अंतरराज्यीय सप्लायर गिरफ्तार, 80 किलो से अधिक गांजा हुआ बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो प्रमुख सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80.670 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया है, जिसे एक कार के डिक्की में छिपाकर लाया जा रहा था। इस मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत की गई। उत्तरी रेंज-1 (NR-1) की टीम को एएसआई संदीप सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर तकनीकी निगरानी और फील्ड इनपुट के जरिए ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
2 मई 2026 को इंस्पेक्टर संजय कौशिक के नेतृत्व में एसआई नरेंद्र, एएसआई संदीप, एएसआई हुकम चंद, एएसआई वीरेंद्र, एएसआई रमेश राणा, हेड कांस्टेबल संजीव, कांस्टेबल विवेक और कांस्टेबल अन्नू की टीम ने आजादपुर सब्जी मंडी के सर्विस लेन पर जाल बिछाया। यहां संदिग्ध हुंडई वर्ना कार (DL4C-AY-4967) को रोककर दो आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश भारद्वाज (28), निवासी गांव महेश्वरी, धारूहेड़ा, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) और अख्तर खान (36), निवासी गांव चिल घाटल, भिवाड़ी, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 80.670 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा ओडिशा के सिमिलिगुड़ा से भिवाड़ी लाया गया था और वहां से दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई किया जाना था। दोनों आरोपी मौके पर अपने एक सहयोगी को यह खेप देने पहुंचे थे। इस संबंध में थाना क्राइम ब्रांच में एफआईआर संख्या 108/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20/25/29 में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि लोकेश भारद्वाज पहले भी 2025 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और फरवरी 2026 में जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद उसने दोबारा इस अवैध कारोबार में संलिप्तता शुरू कर दी। वहीं अख्तर खान भी पूर्व में कई बार एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और अंतरराज्यीय नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। अख्तर खान को ओडिशा ले जाकर मुख्य सप्लायर मुख्तार अहमद की तलाश की गई, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। क्राइम ब्रांच ने बताया कि पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और तस्करी के रूट का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button