बुराड़ी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, आप पार्षद ने लगाया राजनीतिक कार्रवाई का आरोप

बुराड़ी के मिलन विहार में आप पार्षद गगन चौधरी के दो भूखंडों पर नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर चलाया। पार्षद ने इसे भाजपा की कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पिता को कार्रवाई से पहले हिरासत में लिया गया और कोई नोटिस नहीं दिया गया।

बाहरी दिल्ली। बुराड़ी के मिलन विहार इलाके में आम आदमी पार्टी के पार्षद गगन चौधरी के दो भूखंडों पर अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। निगम के अनुसार बिना अनुमति बड़े पैमाने पर किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया, जबकि पार्षद ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
भारी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई शाम लगभग पांच बजे तक चली। इस दौरान कई बुलडोजरों की मदद से दोनों भूखंडों की चारदीवारी और अन्य निर्माण को तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बुराड़ी सबडिवीजन के जगतपुर स्थित मिलन विहार कॉलोनी में संबंधित भूखंडों पर बिना अनुमति निर्माण किया जा रहा था। करीब 200 गुणा 45 वर्ग फीट और 45 गुणा 40 वर्ग फीट के दो भूखंडों पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है।
वहीं, पार्षद गगन चौधरी ने आरोप लगाया कि यह किसी सरकारी विभाग की निष्पक्ष कार्रवाई नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कोई पूर्व नोटिस नहीं दिया गया। गगन चौधरी के अनुसार कार्रवाई से पहले पुलिस ने उन्हें और उनके पिता कुलदीप चौधरी को हिरासत में ले लिया था और शाम को छोड़ा गया।
गौरतलब है कि स्थानीय विधायक संजीव झा और पार्षद गगन चौधरी ओ जोन के नाम पर की जा रही तोड़फोड़ का पहले से विरोध कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर हाल ही में विधायक और पार्षद की पुलिस के साथ नोकझोंक का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पुलिस ने दोनों को चेतावनी दी थी। नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा जारी है।

Related Articles

Back to top button