‘ईरान में हैं तो निकल जाएं’,इजरायल पर हमले के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें अपील की गई है कि जो लोग ईरान आ रहे हैं, वह भारतीय नागरिक न आएं और जो नागरिक ईरान में हैं वह यहां से निकल जाएं।

तेहरान/एजेंसी। पश्चिम एशिया में एक बार फिर संकट के बादल छा गए हैं। ईरान-हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच ताबड़तोड़ मिसाइल अटैक हो रहे हैं। इस बीच ईरान में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने कहा है, “क्षेत्र में हाल की घटनाओं को देखते हुए, दूतावास सभी भारतीय नागरिकों को अपनी पहले की सलाह दोहराता है कि वे ईरान की यात्रा करने से बचें। जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं, उन्हें भी सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध परिवहन साधनों से देश से बाहर निकल जाएं।”
ईरानी मीडिया की खबरों के मुताबिक, तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पश्चिमी ईरान के केरमानशाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अगली सूचना तक सभी उड़ानें रद करने की घोषणा की है। ये घोषणाएं आज सुबह इजरायल द्वारा तेहरान के साथ-साथ इस्फहान और तबरीज को निशाना बनाकर किए गए हमलों के बाद आई हैं। ईरान से इजरायल पर दागे गए रॉकेटों की बौछार ने यरूशलम के साथ-साथ रामल्ला और डेड सी के आस-पास के इलाकों को भी निशाना बनाया है। वहीं, यमन के विद्रोही गुट ने इजरायल पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि उसने कब्जे वाले जाफा इलाके में इजरायल के संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि पश्चिमी शहर केरमानशाह के आस-पास आज सुबह दुश्मन के लक्ष्यों का मुकाबला करने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए गए।

Related Articles

Back to top button