रेखा गुप्ता सरकार का ‘बिजली बचाओ’ आदेश, बोली-24 से 26 डिग्री पर एसी चलाएं, दिन में रखें लाइट बंद

नई दिल्ली। गर्मी बढ़ने के साथ राजधानी दिल्ली में बिजली की खपत भी तेजी से बढ़ी है। पिछले लगभग एक सप्ताह से अधिकतम बिजली मांग 8 हजार मेगावाट के ऊपर बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है और यह नौ हजार मेगावाट के पार भी पहुंच सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी विभागों को बिजली के दुरुपयोग को रोकने और ऊर्जा-कुशल तरीकों को अपनाने के निर्देश दिए हैं।
वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर सरकार ने ईंधन बचाने के लिए भी कई कदम उठाए हैं। इसके अंतर्गत विभागों के ऊर्जा खर्च में कटौती, सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, मंत्रियों से लेकर अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकारी वाहनों की जगह मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने को कहा गया है। अब सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने बिजली बचत को लेकर अलग से आदेश जारी किया है। इस आदेश में सरकारी भवनों के कमरों, गलियारों, कार्यालय परिसर और सार्वजनिक क्षेत्रों में केवल आवश्यकता अनुसार ही लाइट जलाने को कहा गया है।
आवश्यकता न होने पर लाइट और अन्य बिजली उपकरणों को बंद करने के लिए मास्टर स्विच लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रखने, कार्यालय समय के बाद एसी, कूलर, पंखे, कंप्यूटर, प्रिंटर, फोटोकापी मशीन और अन्य उपकरणों को बंद रखने को भी कहा गया है।
‘बिजली बचाओ’ आदेश में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन और ऊर्जा बचाने की अपील को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके तहत दिन के समय बेवजह जलने वाली लाइटों को बंद रखने और जहां संभव हो वहां प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम इस्तेमाल करें। केवल कार्य की आवश्यकता के अनुसार ही लाइटें चालू रखें। सरकार ने यह भी कहा है कि कमरों, गलियारों और ऑफिस परिसरों में जरूरत से ज्यादा रोशनी से बचा जाए।




