उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की कार्रवाई, शराब तस्कर गिरफ्तार; 750 क्वार्टर अवैध शराब व कार बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले में अवैध शराब तस्करी की संवेदनशीलता को देखते हुए नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम लगातार खुफिया सूचना जुटाने और ऐसे तत्वों पर नजर बनाए हुए थी। इसी क्रम में 25/26 मई 2026 की दरमियानी रात थाना न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक आदतन शराब तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार इंस्पेक्टर किरणपाल, प्रभारी नारकोटिक्स स्क्वॉड/एनईडी के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल विशांत, आदेश और कांस्टेबल अजय शामिल थे, प्रथम पुस्ता रोड के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खजूरी खास से शास्त्री पार्क की ओर जा रही एक कार को रोका गया। जांच के दौरान वाहन सवार युवक की पहचान लकी उर्फ हिमेश (22), निवासी नंद नगरी के रूप में हुई।
कार की तलाशी लेने पर 15 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टन में 180 मिलीलीटर की 50 क्वार्टर बोतलें थीं, इस प्रकार कुल 750 क्वार्टर (करीब 135 लीटर) शराब बरामद की गई, जिन पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था। इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत एफआईआर संख्या 348/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। विस्तृत जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, दिल्ली आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी शामिल रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




