यूपी पुलिस ने नकली नोट उपलब्ध करवाने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, 75 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई में ₹75,000 के जाली नोटों के साथ दो आरोपियों को रामपुर से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ₹40,000 में ₹1 लाख के नकली नोट उपलब्ध कराता था, जिसका मुख्य सरगना अभी फरार है।

रामपुर/उत्तर प्रदेश। पुलिस व साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हनीफ 40 हजार रुपये लेकर एक लाख के नकली नोट उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पांच सौ रुपये के कुल 150 जाली नोट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपित फरार है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भगतपुर तिराहे के पास से शिकारपुर (पहाड़पुर) निवासी वाहिद और मुरादाबाद के थाना भोजपुर के रानीनांगल निवासी मुहम्मद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। वाहिद के पास 500 रुपये के 82 जाली नोट और मुहम्मद हुसैन के कब्जे से 68 जाली नोट बरामद किए गए। दोनों से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
दोनों बदमाशों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने नकली नोट रानी नांगल निवासी हनीफ से लिए थे। हनीफ 40 हजार रुपये लेकर एक लाख रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराता था। आरोपितों ने बताया कि कुछ नोट बाजार में चला दिए गए थे और बाकी नोट खपाने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने फरार आरोपित हनीफ की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस ने शिकारपुर निवासी वाहिद, मुरादाबाद थाना भगतपुर के गांव रानीनांगल निवासी मुहम्मद हुसैन व हनीफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार वाहिद का लंबा आपराधिक इतिहास है। वाहिद के खिलाफ चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, नकली नोट और हत्या के प्रयास आदि में थाना टांडा, अजीम नगर तथा सिविल लाइन थाने में 23 मुकदमे दर्ज हैं।
इसमे वर्ष 2011 में उसके खिलाफ नकली नोटों से संबंधित भी मुकदमा दर्ज हुआ था। दूसरे आरोपित मोहम्मद हुसैन पर भी थाना भोजपुर और कटघर थानों में आर्म्स एक्ट आदि में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक रणवीर सिंह, उपनिरीक्षक अफजाल अहमद, उपनिरीक्षक रामपाल सिंह आदि साइबर क्राइम व थाना टांडा पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना का कहना है कि थाना टांडा व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। बताया कि पश्चिम बंगाल का कोई व्यक्ति इनके संपर्क में है। जो जाली नोट सप्लाई में सहयोग करता है। टीम गठित कर उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।




