दिल्ली के स्कूल में नौ वर्षीय छात्रा की अचानक मौत, कक्षा में गिरने का सीसीटीवी फुटेज वायरल
पूर्वी दिल्ली के माया विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल की तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया; पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूर्वी दिल्ली। माया विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा प्रगति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। छात्रा को तत्काल निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में शोक का माहौल है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:52 बजे पीसीआर को सूचना मिली थी कि स्कूल की छात्रा को अस्पताल लाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के दौरान कक्षा के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई। वायरल वीडियो में छात्रा अचानक धीरे-धीरे झुकती और फिर जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है।
स्कूल की प्रधानाचार्या के अनुसार, बच्ची खेलकर कक्षा में लौट रही थी, तभी अचानक गिर पड़ी। उन्होंने आशंका जताई कि उसे कार्डियक अरेस्ट आया था। स्कूल प्रशासन ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। माता-पिता और स्कूल अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।




