दिल्ली में मिलावटखोरी पर सीएम रेखा गुप्ता की बड़ी कार्रवाई, मोरी गेट मंडी से 7 हजार किलो खराब खोया जब्त कर नष्ट कराया
दिल्ली में त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट खोया मंडी से 7000 किलो सड़ा-गला खोया जब्त कर नष्ट किया, जिसमें दूध पाउडर और वनस्पति के संकेत मिले।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी के दौरान करीब सात हजार किलोग्राम सड़ा-गला और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया। विभाग की प्रारंभिक जांच में बड़ी संख्या में खोये के नमूने गुणवत्ता जांच में विफल पाए गए, जिससे बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान खोया मंडी से कुल 44 निगरानी नमूने लिए। मौके पर उपलब्ध खाद्य सुरक्षा जांच वाहन से इनकी प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें 35 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। दो अन्य नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ नमूनों में दूध पाउडर, वनस्पति और बंधनकारी पदार्थों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। इन नमूनों की अंतिम स्थिति प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
खोये के साथ देसी घी की गुणवत्ता भी विभाग की जांच के दायरे में है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, घी के 59 नमूनों की जांच में 19 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, जबकि चार नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा 29 अक्टूबर को भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में की गई छापेमारी के दौरान 948.9 लीटर घी जब्त किया गया था। इस कार्रवाई में लिए गए 15 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी अंतिम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो महीनों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े 30 अभियान चलाए गए। इस दौरान कुल 290 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 85 नमूने असुरक्षित या निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम पाए गए। इन अभियानों के दौरान चार हजार किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। आंकड़े बताते हैं कि त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और जांच अभियान तेज करने की जरूरत है।
मोरी गेट खोया मंडी में मंगलवार की कार्रवाई विभाग का चौथा बड़ा अभियान था। इससे पहले चार सितंबर को 2,830 किलोग्राम, आठ सितंबर को 610 किलोग्राम और 23 अक्टूबर को 520 किलोग्राम खोया नष्ट कराया गया था। मंगलवार को करीब सात हजार किलोग्राम खोया नष्ट किए जाने के बाद इस मंडी में अब तक कुल 10,660 किलोग्राम खोया नष्ट कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियों में मिलावट के जरिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोर कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान लगातार जारी रखने और संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार में पहुंचने से पहले ही रोकने के निर्देश दिए।




