वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप: कराकास में भारी तबाही, 164 की मौत, 971 घायल
क्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 7.1 और 7.5 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में 164 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

काराकास/एजेंसी। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी है। एक मिनट के अंतराल में आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली झटकों से राजधानी कराकास सहित कई इलाकों में इमारतें ढह गईं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कराकास में अब तक 162 लोगों की मौत और 971 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बुधवार को कराकास के पश्चिम में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे शहर में अफरा-तफरी मच गई। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और अनेक लोग मलबे में दब गए। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में जान-माल का नुकसान और बढ़ सकता है।
यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, पहला भूकंप कराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.2 तीव्रता का था, जिसके एक मिनट के भीतर 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका आया। शुरुआती अनुमान में मृतकों की संख्या 10,000 से 1,00,000 तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है, हालांकि उन्होंने आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए।
स्थानीय प्रशासन और चश्मदीदों के अनुसार, कई इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने सरकारी टीवी पर बताया कि स्थिति को संभालने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। भूकंप के बाद राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।आपातकालीन टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। कराकास के ‘अस्पताल डी क्लिनिकास’ में घायलों के उपचार के लिए कर्मचारियों को अतिरिक्त समय तक काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आपदा के बाद अमेरिका ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अमेरिकी डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने कहा कि वेनेजुएला सरकार के साथ समन्वय कर राहत सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।
भूकंप के चलते कराकास के उत्तर में स्थित माइक्वेटिया का प्रमुख हवाई अड्डा क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद कर दिया गया है। हालांकि देश के प्रमुख तेल केंद्रों पर इस आपदा का तत्काल कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। गौरतलब है कि जिस दिन यह भूकंप आया, उस दिन वेनेजुएला में सार्वजनिक अवकाश था, जिसके चलते अधिकतर लोग अपने घरों में मौजूद थे। यह दिन देश की स्वतंत्रता से जुड़ा ऐतिहासिक दिवस भी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर घरों से बाहर भागने लगे। पश्चिमी कराकास की निवासी एस्ट्रिड रामिरेज़ ने बताया कि अचानक तेज आवाज और कंपन के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूर्वी कराकास की कोरो मार्टिनेज ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा भयावह अनुभव पहले कभी नहीं देखा। स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।




