दिल्ली पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड, 85 रेडियो तकनीशियन बने पुलिसबल का हिस्सा

दिल्ली पुलिस अकादमी झड़ौदा कलां में 85 नव-प्रशिक्षित रेडियो तकनीशियन एक साल का प्रशिक्षण पूरा कर दिल्ली पुलिस में शामिल हुए। इन्हें आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए वायरलेस आपरेशंस, साइबर क्राइम और कमांडो कोर्स सहित बहुआयामी ट्रेनिंग दी गई है।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस अकादमी, झड़ौदा कलां में शुक्रवार को नव-प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों के लिए पासिंग आउट एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। एक वर्ष का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 85 प्रशिक्षु रेडियो तकनीशियन ने शपथ लेकर दिल्ली पुलिस के बेड़े में शामिल हुए। इन सभी को आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुआयामी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
एएसआई (रेडियो तकनीशियन) का यह पहला बैच है, जिसे वायरलेस ऑपरेशंस का विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षुओं को आपातकालीन परिस्थितियों में वायरलेस सेट की ट्यूनिंग, मरम्मत, नेटवर्क स्थापना और अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित करने की तकनीकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें पुलिस प्रक्रियाओं, आपराधिक कानून, क्रिमिनोलॉजी, साइबर अपराध और फोरेंसिक विज्ञान का भी गहन ज्ञान कराया गया।
प्रशिक्षुओं को शारीरिक और सामरिक रूप से सक्षम बनाने के लिए बिना हथियार मुकाबला, फायरिंग, दंगा नियंत्रण और आतंकवाद विरोधी उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, हथियार संचालन तथा विशेष कमांडो कोर्स के अंतर्गत विस्फोटकों की पहचान, फील्ड क्राफ्ट और रेड व एम्बुश जैसी रणनीतियों का अभ्यास कराया गया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। एएसआई (रेडियो टेक.) नवीन कुमार ने ‘ऑल-राउंड बेस्ट’ ट्रॉफी के साथ इनडोर परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, नीरज कुमार आउटडोर गतिविधियों में प्रथम रहे। श्रुति मिश्रा ने अपनी श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘ऑल-राउंड बेस्ट’, ‘इनडोर में प्रथम’ और ‘आउटडोर में प्रथम’ तीनों ट्रॉफियां अपने नाम कीं।

Related Articles

Back to top button