राउज एवेन्यू कोर्ट में एक सप्ताह से एसी ठप, सीलबंद खिड़कियों के बीच उमस से जूझ रहे वकील और वादी
सांसद-विधायकों के मामलों की सुनवाई करने वाली राउज एवेन्यू कोर्ट में एक सप्ताह से एसी ठप है।

नई दिल्ली। सांसदों, विधायकों, ईडी और सीबीआई के चर्चित मामलों की सुनवाई के लिए जानी जाने वाली राउज एवेन्यू कोर्ट इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के गंभीर संकट से गुजर रही है। अदालत परिसर में पिछले कई दिनों से पानी की कमी के कारण केंद्रीय एयर कंडीशनिंग (एसी) प्रणाली प्रभावित हो गई है।
सीलबंद खिड़कियों और सेंट्रल एसी पर निर्भर इस न्यायिक परिसर में वकील, न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और वादी भीषण गर्मी व उमस के बीच काम करने को मजबूर हैं। मामले में सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन को जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग है।
बार एसोसिएशन के अनुसार, पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने का सीधा असर केंद्रीय एयर कंडीशनिंग प्रणाली पर पड़ा है। राउज एवेन्यू कोर्ट की इमारत मुख्य रूप से सेंट्रल एसी व्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाई गई है और अधिकांश खिड़कियां स्थायी रूप से बंद हैं। प्राकृतिक हवा के आवागमन की सीमित व्यवस्था के कारण एसी प्रभावित होने पर कोर्ट रूम, गलियारों और प्रतीक्षालयों में घुटन और उमस की स्थिति पैदा हो गई है।
बार एसोसिएशन के सचिव विजय बिश्नोई ने कहा कि पानी की कमी के कारण शौचालयों और पेयजल सुविधाओं पर भी असर पड़ा है। इससे न केवल अधिवक्ता बल्कि न्यायिक अधिकारी, अदालत कर्मचारी, मुकदमों के पक्षकार और रोजाना अदालत आने वाले सैकड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं।
बार एसोसिएशन ने बताया कि मामले को पहले संबंधित केयरटेकिंग शाखा के संज्ञान में भी लाया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर अब न्यायाधीश से सीधे हस्तक्षेप की मांग की गई है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि नियमित जलापूर्ति तत्काल बहाल की जाए, सभी शौचालयों और पेयजल केंद्रों पर पानी उपलब्ध कराया जाए व केंद्रीय एयर कंडीशनिंग प्रणाली को जल्द से जल्द पूरी क्षमता से चालू किया जाए, ताकि अदालत परिसर में सामान्य कार्य वातावरण बहाल हो सके।




