गुजरात में ऑपरेशन डेल्टा: गांधीनगर से 362 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान, देश निकाला प्रक्रिया शुरू
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि 'ऑपरेशन डेल्टा' के तहत अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा और मोरबी में 362 अवैध बांग्लादेशियों की पहचान की गई है।

गांधीनगर/एजेंसी। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि मंगलवार रात्रि गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा व मोरबी में अवैध रूप से बसे बांग्लादेशियों की पहचान के लिए ऑपरेशन डेल्टा चलाया गया। पुलिस ने अब तक 362 बांग्लादेशियों की पहचान की है, इनको यहां बसाने व मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्यवाही होगी। संघवी ने बताया कि घुसपैठियों को कोई राजनीतिक कनेक्शन सामने नहीं आया है।
उपमुख्यमंत्री संघवी ने गांधीनगर स्वर्णिम संकुल-1 में पत्रकारों को बताया कि पुलिस महानिदेशक डॉ. के. लक्ष्मी नारायण राव की अगुआई में राज्य पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा व मोरबी में अलग अलग टीमें बनाकर अवैध रूप से बसे 700 संदिग्ध को पकड़ा, जिनमें से 362 बांग्लादेशी निकले।
गुजरात में गत वर्ष चंडोला तालाब में बसे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ की गई कार्यवाही के बाद यह सबसे बड़ा ऑपरेशन रहा। इस दौरान जिला, हाइवे व रेलवे व बस अड्डों की नाकाबंदी की गई ताकि घुसपैठिये भाग नहीं सकें। बड़े शहरों में अवैध रूप से बसे महिला, पुरुष, बच्चों व युवाओं को पुलिस ने एक स्थल पर लाकर उनके दस्तावेजों की जांच की। कई घुसपैठियों ने फर्जी तरीके से आधार व राशन कार्ड बनवा रखे हैं, अब तक 362 घुसपैठियों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें केंद्रीय ग्रह मंत्रालय की मदद से डिपोर्ट किया जायेगा।
संघवी ने बताया कि पश्चिम बंगाल से अवैध घुसपैठियों को निकाला जा रहा है, अब गुजरात में भी कोने-कोने से इनकी पहचान कर देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घुसपैठियों को यहां बसाने व मदद करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही होगी। संघवी ने स्पष्ट किया कि अवैध घुसपैठियों का अभी तक कोई राजनीतिक कनेक्शन सामने नहीं आया है।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि अहमदाबाद में चंडोला तालाब से गत वर्ष करीब 465 घुसपैठियों को डिपोर्ट किया गया था, बीती रात यहां से करीब 300 महिला पुरुषों को पुछताछ के लिए लाया गया था जिनमें से 166 के बांग्लोदेशी होने की पुष्टि हुई है। सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि पुलिस ने ऑपरेशन डेल्टा के तहत 240 संदिग्ध की धरपकड की उनके दस्तावेजों की जांच की, इनमें से 85 बांग्लादेशी पाये गये।
