न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सुलझा, आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 की सुबह करीब 5:02 बजे गौतमपुरी इलाके में एक खट्टा के पास शव पड़े होने की सूचना थाना न्यू उस्मानपुर को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक का शव मिला जिस पर चाकू से वार के निशान थे। मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी निवासी ललित (26 वर्ष) के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में एफआईआर संख्या 383/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार (एसएचओ न्यू उस्मानपुर थाना) और इंस्पेक्टर अरविंद (स्पेशल स्टाफ) के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विभिन्न स्रोतों से साक्ष्य एकत्रित किए और संदिग्ध ठिकानों पर कई छापेमारी की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी मोहित (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह मृतक का मित्र था, लेकिन हाल के दिनों में मृतक और उसके भाई से उसका विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।




