दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद भरभराकर गिरी इमारत
दिल्ली के मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह गैस सिलिंडर फटने से एक इमारत ढह गई। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे में फंसा है।

बाहरी दिल्ली। भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर के ईशू विहार की गली नंबर-एक में मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे जोरदार धमाके के बाद एक इमारत ढह गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। मकान में अवैध तरीके से गैस रिफीलिंग का काम किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 11 व्यक्ति घायल हो गए हैं। इनमें से एक की हाल गंभीर बनी हुई है। हादसे के तुरंत बाद दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से चार घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचा दिया गया था। फिलहाल, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, अभी तक तीन लोगों को मलबे से सकुशल निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे में दबा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना गैस सिलिंडर ब्लास्ट के कारण हुई है। इस हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक की हालत गंभीर होने के बाद उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। दमकल विभाग का कहना है कि सुबह 9:37 बजे धमाके के बाद इमारत गिरने और कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सर्च अभियान अभी जारी रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सुबह 9 बजे सूचना मिली कि सिलिंडर में धमाका होने के बाद एक मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर राहत कार्य शुरू करने के आदेश दे दिए। इस बीच स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य करना शुरू कर दिया था। सूचना यह भी मिल रही है कि मलबे में से आधा दर्जन सिलिंडर मिले हैं।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि इस इमारत में अवैध रूप से गैस सिलिंडर की रीफिलिंग हो रही थी। बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान धमाका हुआ। सभी घायलों को निकाल कर अस्पताल पहुंचा दिया गया है, इनसे एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। चार घायलों का इलाज जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में चल रहा है और छह रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर में उपचाराधीन हैं।





