एक लाख रुपये के नोटों से भरी काली पन्नी लेकर गायब हो गया कुत्ता, बिजनौर में मेडिकल स्‍टोर मालिक के उड़े होश

बिजनौर में रहने वाले नवाब बाइक खड़ी कर नमाज पढ़ने चले गए। बाइक के बैग में काली पन्‍नी थी जिसमें एक लाख रुपये थे। नवाब बैग का चेन बंद करना भूल गए थे।

बिजनौर/उत्‍तर प्रदेश। बिजनौर में एक मेडिकल स्टोर संचालक की बाइक से एक कुत्ता एक लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुत्ता बाइक के बैग से काली पन्नी निकालकर भागता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शहर के बुल्ला चौराहे निवासी नवाब पशुओं की दवाइयों का मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शनिवार दोपहर वह शंभा बाजार स्थित किले वाली मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक मस्जिद से कुछ दूरी पर एक गली में खड़ी कर दी थी। बताया जा रहा है कि दुकान की बिक्री के करीब एक लाख रुपये उन्होंने काली पन्नी में बांधकर बाइक के बैग में रख दिए थे। जल्दबाजी में नवाब बैग की चेन बंद करना भूल गए। नमाज पढ़कर लौटने के बाद जब उन्होंने बाइक संभाली तो बैग से रुपयों वाली पन्नी गायब थी। यह देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत आसपास तलाश शुरू की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक आवारा कुत्ता बाइक के पास आता दिखाई देता है। कुछ देर सूंघने के बाद वह बैग में मुंह डालकर काली पन्नी निकाल लेता है और वहां से भाग जाता है। माना जा रहा है कि कुत्ते ने पन्नी को खाने-पीने की चीज समझकर उठा लिया। घटना के बाद नवाब और स्थानीय लोगों ने देर रात तक इलाके में कुत्ते और रुपये से भरी पन्नी की तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। काफी खोजबीन के बाद हताश कारोबारी वापस लौट गया। फिलहाल मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
उधर, यह अनोखी घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे लापरवाही बता रहा है तो कोई इसे किस्मत का खेल कह रहा है। बिजनौर की यह घटना अब लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button